गौरा विधानसभा में विकास को मिली नई गति, 10 करोड़ की 38 परियोजनाओं का लोकार्पण

छपिया, गोंडा। गौरा विधानसभा क्षेत्र में रविवार को विकास और जनसहभागिता से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। राम सुरेमन इंटर कॉलेज, छपिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” का सामूहिक श्रवण किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक प्रभात कुमार वर्मा ने कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के साथ कार्यक्रम सुना तथा प्रधानमंत्री के प्रेरणादायक विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

 

इसके बाद ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, गोंडा द्वारा आयोजित शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम में गौरा विधानसभा क्षेत्र की 38 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। विधायक प्रभात कुमार वर्मा ने इन परियोजनाओं का लोकार्पण करते हुए कहा कि लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से संचालित ये विकास कार्य क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूत करेंगे तथा आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे।

कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने के निर्णय के उपलक्ष्य में प्रधान संघ विकासखंड छपिया द्वारा स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। उपस्थित ग्राम प्रधानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस निर्णय का स्वागत किया। साथ ही विधायक प्रभात कुमार वर्मा का भव्य अभिनंदन किया गया।

 

अपने संबोधन में विधायक प्रभात कुमार वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्राम पंचायतों को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधानों को मिली नई जिम्मेदारी ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और गांवों के समग्र विकास को नई दिशा देगी।

इस अवसर पर जिला महामंत्री राकेश तिवारी, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र पांडे, श्रावण शुक्ल, रामचंद्र वर्मा, राधिका देवी, प्रधान संघ अध्यक्ष भूपेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

 

गौरा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की निरंतर प्रगति और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से क्षेत्र विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!