पतंजलि के नाम का इस्तेमाल बंद करें बाबा रामदेव :बृजभूषण शरण सिंह
बीजेपी सांसद ने महर्षि पतंजलि का नाम इस्तेमाल करने पर जताई आपत्ति, आंदोलन की दी चेतावनी
गोंडा,एपीटी न्यूज़। योग गुरु बाबा रामदेव के पतंजलि आश्रम में तैयार की गई गाय के घी पर सवाल उठाकर विवादों के घेरे में आए सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने गुरुवार को बाबा रामदेव पर सीधा हमला बोला है। सांसद ने सीधे तौर पर कहा कि गोंडा की धरती पर जन्में योग के प्रणेता महर्षि पतंजलि के नाम का इस्तेमाल बंद होना चाहिए। पतंजलि के नाम पर मसाला, दूध,घी और अंडरवियर बनियान बेचने का जो कारोबार चल रहा है यह सीधे तौर पर महर्षि के नाम का दोहन है। सांसद ने कहा कि आप किसकी अनुमति से इस नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं। जिनके नाम का इस्तेमाल कर अरबों खरबों रुपये का व्यापार खड़ा किया गया उनके लिए आपने क्या किया। सांसद ने कहा कि इस नाम का इस्तेमाल बंद करिए। अन्यथा इस विषय को लेकर बड़ा आंदोलन किया जायेगा।
दो दिन पहले बाराबंकी के एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने वहां मौजूद लोगों से अपने घर का घी इस्तेमाल करने की सलाह दी थी। सांसद ने कहा था कि आप रामदेव का घी खाकर स्वस्थ नहीं हो सकते। सांसद के इस बयान पर पतंजलि योगपीठ के निदेशक बालकृष्ण ने आपत्ति जताई थी और सांसद को फोन कर इस संबंध में एक बयान जारी करने का आग्रह किया था।
बालकृष्ण के फोन आने के बाद गुरुवार की सुबह सांसद बृजभूषण शरण सिंह वजीरगंज के कोंडर गांव स्थित महर्षि पतंजलि की जन्मस्थली पर पहुंचे। सांसद ने कहा कि वह पतंजलि के किसी प्रोडक्ट पर सवाल नहीं खड़ा करते। पतंजलि का घी असली है या नकली इसकी जांच करने के लिए लैब बने हैं। लेकिन महर्षि पतंजलि के नाम का इस्तेमाल बंद होना चाहिए। सांसद ने कहा कि जिन महर्षि के नाम पर बाबा रामदेव अरबों खरबों का व्यापार कर रहे हैं, उनके नाम पर मसाले से लेकर अंडरवियर और बनियान तक बेच रहे हैं लेकिन इस स्थान के विकास के लिए उन्होंने एक पैसा खर्च नहीं किया।
सांसद ने कहा कि मैं दुनिया को बताना चाहता हूं कि जिन महर्षि पंतजलि के नाम अरबों का व्यापार किया जा रहा है उनकी जन्मस्थली उपेक्षा का शिकार है। सांसद ने सवाल किया कि गोंडा की धरती पर जन्म लेने वाले योग के प्रणेता महर्षि पतंजलि के नाम के इस्तेमाल का अधिकार आपको किसने दिया। सांसद ने कहा कि महर्षि पतंजलि के नाम के इस्तेमाल बंद होना चाहिए। आप अपने नाम से व्यापार करिए। उन्होंने चेतावनी दी अगर बाबा रामदेव ने महर्षि पतंजलि के नाम का इस्तेमाल बंद नहीं किया तो वह इस विषय को लेकर एक देशव्यापी आंदोलन खड़ा करेंगे।
रामदेव के दंतमंजन ने दांत खराब किया
बाबा रामदेव के पतंजलि योगपीठ में बने प्रोडक्ट का इस्तेमाल करने के सवाल पर सांसद ने कहा कि एक बार उन्होंने बाबा रामदेव के आश्रम में बने दंत मंजन का इस्तेमाल किया था लेकिन उससे उनका दांत खराब हो गया था क्योकि मंजन में लौंग का इस्तेमाल अधिक मात्रा में किया गया था। डॉक्टरों ने मंजन का इस्तेमाल बंद करने की सलाह दी। तब से उन्होंने उनके किसी भी प्रोडक्ट का इस्तेमाल नहीं किया
मैं सो रहा था, बालकृष्ण ने जगाया
बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि मार्च में पतंजलि के जन्म स्थान के विकास को लेकर कई बार उनके मन में ख्याल आया लेकिन वह उदासीन बन रहे बने रहे उन्होंने इस पर खेद भी जताया और अपनी गलती भी मानी। इसके लिए उन्होंने पतंजलि योगपीठ के निदेशक आचार्य बालकृष्ण को धन्यवाद दे दिया सांसद ने कहा कि मैं सो रहा था लेकिन आचार्य बालकृष्ण के फोन में मुझे जगा दिया है। अब मैं चैतन्य अवस्था में आ गया हूं। इस जन्मस्थली का विकास मेरी जिम्मेदारी है। जनता के सहयोग से यहां महर्षि पतंजलि के भव्य मंदिर का निर्माण कराया जाएगा।

छपिया (गोंडा): अंबेडकर जयंती पर भव्य कार्यक्रम, हजारों की भीड़ उमड़ी
अवैध बालू खनन रोकने पहुंचे लेखपाल से मारपीट, मोबाइल तोड़ा, 6 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Gonda news: देर रात मुठभेड़ में दो शातिर पशु चोर गिरफ्तार, एक घायल
गौरा में संपर्क मार्ग का विधायक प्रभात वर्मा ने किया भव्य शिलान्यास, क्षेत्रीय विकास को मिलेगी गत
गोंडा मदरसा फैजुल उलूम में विदाई समारोह:टॉपर्स को पुरस्कार व अंक पत्र देकर सम्मानित किया गया 