गोंडा दिवंगत पत्रकार सुलेमान के परिवार को मिली आर्थिक सहायता, डीएम ने सौंपा 20 हजार का चेक

पारिवारिक लाभ के तहत 30 हजार रुपये खाते में भेजे, विधवा पेंशन की स्वीकृति और अंत्योदय कार्ड बनवाने का दिया आश्वासन

गोंडा। गंभीर बीमारी के कारण दिवंगत हुए वरिष्ठ पत्रकार सुलेमान के परिवार को जिला प्रशासन की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की गई। सोमवार को जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने उनकी पत्नी सायरा बानो को आपदा राहत के तहत 20 हजार रुपये का चेक प्रदान किया। इसके साथ ही पारिवारिक लाभ योजना के तहत 30 हजार रुपये की धनराशि ऑनलाइन उनके खाते में भेजी गई। जिलाधिकारी ने विधवा पेंशन की स्वीकृति दिलाने और अंत्योदय कार्ड बनवाने का भी आश्वासन दिया।

मनकापुर क्षेत्र के ग्राम गढ़ी, मोतीगंज निवासी वरिष्ठ पत्रकार सुलेमान श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के सदस्य थे। उनका 15 सितंबर को गंभीर बीमारी के कारण निधन हो गया था। उनके निधन के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने जिला प्रशासन से सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया था। यूनियन के प्रयासों के बाद उनकी पत्नी को प्रशासन की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

इससे पहले 15 सितंबर को श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, गोंडा के पदाधिकारियों ने सुलेमान के घर पहुंचकर उनकी पत्नी सायरा बानो को 25 हजार रुपये की नकद आर्थिक सहायता दी थी।

श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, गोंडा ने दिवंगत पत्रकार के परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया है। यूनियन ने उम्मीद जताई कि प्रशासन के सहयोग से पीड़ित परिवार को आगे भी आवश्यक सहायता मिलती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!