महंगाई के खिलाफ सपा का प्रदर्शन, गैस सिलेंडर सिर पर रखकर किया विरोध, नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

बभनजोत (गोंडा), 14 जून। बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ रही कीमतों के विरोध में समाजवादी पार्टी के नेता हफीज़ मलिक के नेतृत्व में रविवार को गौरा विधानसभा क्षेत्र में जोरदार प्रदर्शन किया गया। सपा कार्यकर्ताओं ने पीडीए कार्यालय गौरा चौकी से बभनजोत ब्लॉक तक पदयात्रा निकालकर केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा महंगाई पर नियंत्रण की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर सड़कों पर उतरे। कई कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस सिलेंडर सिर पर रखकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। पदयात्रा के दौरान महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ती कीमतों के खिलाफ जमकर नारे लगाए गए।

सपा नेता हफीज़ मलिक ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और मध्यम वर्गीय परिवारों पर महंगाई की सबसे अधिक मार पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है, जिसके कारण आम जनता का जीवन यापन कठिन होता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों सहित दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का बजट बिगड़ गया है। सरकार को तत्काल प्रभाव से महंगाई पर नियंत्रण लगाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

पदयात्रा के समापन के बाद सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नायब तहसीलदार चंद्र प्रकाश को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर अंकुश लगाने, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस के दाम कम करने तथा आम जनता को राहत देने की मांग की गई।

सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो पार्टी आगामी दिनों में आंदोलन को और व्यापक एवं तेज करेगी।

इस अवसर पर अनिल गुप्ता, सुनील शर्मा, शशांक यादव, विजय यादव, राहुल यादव, अखिलेश यादव, मुलायम यादव, गुफरान, किसान पासवान सहित सैकड़ों महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!