गोंडा: मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने जा रहे सपा नेता संजय विद्यार्थी हाउस अरेस्ट, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

गोंडा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, खाद की किल्लत, डीजल-पेट्रोल की महंगाई, पेपर लीक की घटनाओं तथा पीडीए समाज पर कथित अत्याचार के विरोध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन देने जा रहे सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं गौरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी संजय विद्यार्थी को पुलिस ने उनके आवास पर हाउस अरेस्ट कर दिया।

 

जानकारी के अनुसार, गोंडा जिले के सबरापुर स्थित आवास पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर संजय विद्यार्थी को बाहर निकलने से रोका गया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर निशाना साधा।

संजय विद्यार्थी ने कहा कि वर्तमान सरकार किसानों, युवाओं और आम जनता की समस्याओं को दूर करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को समय पर खाद नहीं मिल रही है, जबकि डीजल और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के कारण खेती और रोजमर्रा की जरूरतों का खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार हो रहे पेपर लीक से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। साथ ही विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के परीक्षा केंद्र दूर-दराज जिलों में बनाए जाने से छात्रों को अनावश्यक आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

 

संजय विद्यार्थी ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाया जाएगा, किसानों को राहत मिलेगी तथा युवाओं को समय पर रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष मोहम्मद इस्लाम चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है और आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।

 

कार्यक्रम के दौरान जिला उपाध्यक्ष जीतू निषाद, जिला सचिव मोहनलाल यादव, शिवकुमार प्रजापति, नरेन्द्र यादव, संजय कनौजिया, पवन यादव, शाहिद हुसैन, हर्ष चौधरी, वसंत लाल यादव, दिलीप वर्मा सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!